Sunday, 10 May 2015

ममता अनमोल



1.
सारी ख़ुशियाँ
कर देती अर्पण
माँ समर्पण

2.
माँ का आँचल
जैसे कड़ी धूप में
शीतल छाया

3.
साया बनके
सदा रहती साथ
माँ अहसास

4.
आशा-विश्वास
दया, क्षमा व त्याग
माँ अनुराग

5.
मन की बात
पढ़ लेती हैं माएँ
बिना बताये

6.
माँ की दुआएँ
हर लेती बलाएँ
धन्य हैं माएँ

7.
माँ वरदान
माँ से ही पहचान
करें सम्मान  


1.
प्रसव पीड़ा
हँस कर सहती
नेह लुटाती
रात-रात जगती
माँ लोरी व थपकी

2.
माँ इबादत
माँ सा कोई न दूजा
माँ जरूरत
करुणा की मूरत
क़दमों में ज़न्नत

3.
शब्दों से परे
मातृत्व गुणगान
माँ अहसान
नहीं इसका मोल
ममता अनमोल

© हिमकर श्याम

(चित्र मेरे भांजे अंशुमन आलोक की, जिसे ड्राइंग और पेंटिग का शौक़ है)




Thursday, 30 April 2015

एहसास के क्षण


राख, कितनी राख
बिखरी है चारों ओर!
ये सिसकियाँ-दहशतें, कांपता सन्नाटा
मलबे  में दबी,
सड़ी-गली लाशें,
चिराइन गंध फैलाती
धू-धू करती चिताएँ
मौत निगल गई  ज़िन्दगी को
देखते-देखते।

सन्नाटे को थर्राती एकाकी चीख़
बुझती हुई कांपती लौ
फिर सब कुछ शांत, निःशब्द, निस्पंद।
कैसा यह कहर,
तबाही का मंजर।

यह नीरवता,
मरघट सी उदासी
पढ़ रही मर्सिया
भोर के उजास के सपने देखती
हर ज़िन्दगी की
मौत पर।

विधाता दे दे मुझे
एहसास के कुछ क्षण
साहस और संबल
जीने के लिए।

© हिमकर श्याम

[तस्वीर रोहित कृष्ण की]

Thursday, 9 April 2015

उस मोड़ पर


मील के पत्थर गवाह हैं 
उस यात्रा के 
तय किया था हमने कभी
जो साथ-साथ
उस यात्रा की निशानियाँ
मौजूद हैं
आज भी उस राह पर
तुम्हारे स्पर्श की खुशबू
मौजूद है
उन फिजाओं में अब तक
लिखी है हर शै पर
प्यार की गाथा
देते हैं गवाही
पक्षी, बादल, पेड़, आकाश

चाहतों की पोटली 
काँधे पर उठाए
अनगिनत सपने 
मुट्ठी में छिपाए
निकल आये थे हम
दुनिया से बहुत दूर
उसी राह पर लिखा था  
मुहब्बत का पहला गीत
दरख्तों पर लिखी थी   
इश्क़ की प्यारी नज़्म 

और एक दिन
आया मोड़ अनचाहा
रह गया कुछ अनकहा 
वक़्त ने रची
हमारे खिलाफ
कुछ ऐसी साजिश
कि मौन हो गई
प्यार की मधुर कविता
बेसुरे हो गये गीत 
जुदा हो गए राह हमारे
अलग हो गयीं दिशाएँ
छूट गया साथ
हमेशा-हमेशा के लिए

फिर भटकता रहा मैं
दिशाहारा परिंदे की तरह
यहाँ-वहाँ
न जाने कहाँ-कहाँ
मिली नहीं कभी  
मंजिल मुझको
है मगर दिल में यकीन
पहुँच गयी होगी तुम
अपनी मंजिल तक

देखता हूँ मुड़कर
उस राह को अक्सर
सोचता हूँ रुक कर
उस मोड़ पर
कि जो हुआ उसे यूँ ही
होना था या और भी
कुछ हो सकता था।

© हिमकर श्याम

(तस्वीर मेरे छोटे भाई रोहित कृष्ण की, जिसे फोटोग्राफी बेहद पसंद है)