Saturday, 10 May 2014

माँ


-चित्र गूगल से साभार-



 (मातृ-दिवस पर)

 सर्दियों के मौसम की नर्म धूप लगे माँ
सहनशीलता, त्याग का प्रतिरूप लगे माँ
तपती दुपहरी में शीतल बयार लगे माँ
इंद्र वाटिका का धवल हरसिंगार लगे माँ
सुहागिन के माथे सजा सिंदूर लगे माँ
पूजा की थाली का अक्षत, दूब लगे माँ
व्रती के हाथों का पावन सूप लगे माँ
बिन तीरथ व धाम की देवी रूप लगे माँ
बुझी अंगीठी में आशा की फूँक लगे माँ
कोंपलों से उठी खुशियों की कूक लगे माँ
मरु विस्तार में नेह का अनुबंध लगे माँ
मन से मन को पाटती, सेतुबंध लगे माँ
निखरी चाँदनी में चंदा का प्यार लगे माँ
निर्मल, निश्छल ममता का उद्गार लगे माँ
सारे अरमानों की एक रहगुज़र लगे माँ
हमें दुआओं का अथाह समुन्दर लगे माँ


माँ

© हिमकर श्याम

 
  

  

Thursday, 1 May 2014

खानाबदोशी का रंग





दिन रात है भागदौड़
व्यर्थ में मची है होड़
यथार्थ और भ्रम का
यह कैसा निरर्थक नृत्य
न खुशी है, न उमंग।

न हैं पवित्र मान्यताएँ
न निश्छल भावनाएँ
न सुख है, न संवेदना
क्षणभंगुर सपनों में
बदल गया जीने का ढंग।

अंतहीन हैं अभिलाषाएँ
बेमानी हैं प्रतिस्पर्धाएँ
दम घुटाती हैं हवाएँ
दिशा-दिशा में चढ़ गया
खानाबदोशी का रंग।

© हिमकर श्याम

(चित्र गूगल से साभार)

Friday, 11 April 2014

मौन रहे जो आप



आफ़त  में है ज़िन्दगी, उलझे हैं हालात।
कैसा यह जनतंत्र है, जहाँ न जन की बात।।

नेता जी हैं मौज में, जनता भूखी सोय।
झूठे वादे सब करें, कष्ट हरे ना कोय।।

मौसम देख चुनाव का, उमड़ा जन से प्यार।
बदला-बदला लग रहा, फिर उनका व्यवहार।।

राजनीति के खेल में, सबकी अपनी चाल।
मुद्दों पर हावी दिखे, जाति-धर्म का जाल।।

आँखों का पानी मरा, कहाँ बची अब शर्म।
सब के सब बिसरा गए, जनसेवा का कर्म।।

जब तक कुर्सी ना मिली, देश-धर्म से प्रीत।
सत्ता आयी हाथ जब, वही पुरानी रीत।।

एक हि साँचे में ढले, नेता पक्ष-विपक्ष।
मिलकर लूटे देश को, छल-प्रपंच में दक्ष।।

लोकतंत्र के पर्व का, खूब हुआ उपहास।
दागी-बागी सब भले, शत्रु हो गए खास।।

रातों-रात बदल गए, नेताओं के रंग।
कलतक जिसके साथ थे, आज उसी से जंग।।

मौका आया हाथ में, दूर करें संताप।
फिर बहुत पछताएंगे, मौन रहे जो आप।।

जाँच-परख कर देखिए, किसमें कितना खोट।
सोच-समझ कर दीजिए, अपना-अपना वोट।।

© हिमकर श्याम

(चित्र गूगल से साभार)