Thursday 21 March 2019

अच्छे दिन की आस में

                   जोगीरा सारा रा रा रा-2
      [होली के कुछ  रंग, हास्य-व्यंग के संग]

16. जुड़ता कुनबा देखते, रघुवर हैं बेचैन
      अरसे से हेमंत की, सत्ता पर है नैन
      जोगीरा सारा रा रा रा
17. काशी क्योटो बन रही, बदला अस्सी घाट
      कॉरिडोर के नाम पर, खड़ी हो रही खाट
      जोगीरा सारा रा रा रा
18. दिन-रात ही फेंकते, करते मन की बात
      नाकामी चहुँओर है, अंधभक्त हैं साथ
      जोगीरा सारा रा रा रा
19. खेती से आमद घटी, जीडीपी बेहाल 
      अच्छे दिन की आस में, बीता पाँचों साल
      जोगीरा सारा रा रा रा
20. एयर स्ट्राइक ने किया, दुश्मन को हलकान
     झटके में ही बिखर गए, राहुल के अरमान 
     जोगीरा सारा रा रा रा
21 . मुँह से गोले दागते, सिद्धू बारम्बार
      सिब्बल,थरूर दिग्विजय, करते बंटाधार
      जोगीरा सारा रा रा रा
22. ढूँढ़ रहा है केजरी, अपना साझेदार
      छूटा साथ विश्वास का, कैसे हो एतबार
      जोगीरा सारा रा रा रा
23. रातों-रात बदल गए, नेताओं के रंग
      कलतक जिसके साथ थे, आज उसी से जंग
      जोगीरा सारा रा रा रा
24. नाहक यह तकरार है, खींची है तलवार
      राजनीति के खेल का, राष्ट्रवाद हथियार
      जोगीरा सारा रा रा रा
25. अब संतों के भेष में, जुर्म बहुत संगीन
      काशी-काबा में मिले, मन के जो रंगीन
       जोगीरा सारा रा रा रा
26. ईवीएम पर तकरार है, उठने लगे सवाल
      छेड़छाड़ की बात पर, होता ख़ूब बवाल
      जोगीरा सारा रा रा रा
27. कांग्रेस सत्ता ले उड़ी, भौचक है परधान
      तीन राज्य में हार से, शाह बहुत हैरान
      जोगीरा सारा रा रा रा
28. होली के हुड़दंग में, निकले मस्त मलंग
      किसको यारों होश है, पीकर ठर्रा भंग
      जोगीरा सारा रा रा रा
29. सरहद पर सैनिक मरे, मरता दीन किसान
      बदल रहा है दोस्तो, अपना हिंदुस्तान
       जोगीरा सारा रा रा रा
30. इनके पाले जो रहे, करे देश से प्यार
      उस खेमे में जो गया,कहलाता गद्दार
       जोगीरा सारा रा रा रा

समाप्त


© हिमकर श्याम


(चित्र गूगल से साभार)



7 comments:

  1. बहुत सुंदर रचना....आप को होली की शुभकामनाएं...

    ReplyDelete
  2. वाह। बनाये रहिये आस। शुभकामनाएं।

    ReplyDelete
  3. होली की शुभकामनाएं सस्नेहाशीष संग

    ReplyDelete
  4. आपकी इस प्रविष्टि् के लिंक की चर्चा कल शनिवार (23-03-2019) को "गीत खुशी के गाते हैं" (चर्चा अंक-3283) पर भी होगी।
    --
    चर्चा मंच पर पूरी पोस्ट अक्सर नहीं दी जाती है बल्कि आपकी पोस्ट का लिंक या लिंक के साथ पोस्ट का महत्वपूर्ण अंश दिया जाता है।
    जिससे कि पाठक उत्सुकता के साथ आपके ब्लॉग पर आपकी पूरी पोस्ट पढ़ने के लिए जाये।
    --
    सादर...!
    डॉ.रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक'

    ReplyDelete
  5. बहुत सुन्दर और सटीक प्रस्तुति...

    ReplyDelete

आपके विचारों एवं सुझावों का स्वागत है. टिप्पणियों को यहां पर प्रकट व प्रदर्शित होने में कुछ समय लग सकता है.